Morning Breaking: NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को आयोजित होगा। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था की है। वहीं राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे, कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दौरा कार्यक्रम को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
NEET UG 2026 री-एग्जाम
NEET UG 2026 के री-एग्जाम को लेकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर रेलवे द्वारा अतिरिक्त कोच और स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार 10 प्रमुख ट्रेनों में 40 अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़े जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा हसदेव एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से दुर्ग तक विस्तारित किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए कोरबा-दुर्ग-कोरबा मेमू तथा पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जाएगा। रेलवे ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर ट्रेनों की जानकारी अवश्य जांच लें।
राहुल गांधी का एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और शाम 6:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे राहुल गांधी अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में आयोजित कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे करीब चार घंटे तक पार्टी पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे।
20 जून से शुरू होगा कांग्रेस जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर
छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा 20 जून से 29 जून तक जिला अध्यक्षों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। अभनपुर के अग्रवाल भवन में होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। शिविर के दौरान संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में राहुल गांधी की मौजूदगी इसे और अधिक महत्वपूर्ण बना रही है।
मुख्यमंत्री साय का रायगढ़ और जशपुर दौरा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11 बजे रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे ग्राम भुईयाँपानी स्थित महतारी सदन पहुंचेंगे और इसके बाद शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। दोपहर बाद जशपुर पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम जशपुर में निर्धारित है।
PM विकसित भारत रोजगार योजना कार्यक्रम आज
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत आज शाम 4 बजे AIIMS रायपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर देशभर के लाभार्थियों को लगभग 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय और राज्य स्तर के जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे तथा नए कर्मचारियों को प्रतीकात्मक नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
जिला कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज
रायपुर स्थित राजीव भवन में दोपहर 1 बजे जिला कांग्रेस कमेटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। प्रेस वार्ता में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों और कोटा में प्रस्तावित युवा हुंकार सभा को लेकर कांग्रेस अपना पक्ष रखेगी।